गणतंत्र दिवस पर 38 प्रतिभाओं सहित वीरांगनाएं सम्मानित:करौली कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण, छात्र-छात्राओं ने किया मार्च-पास्ट

करौली में 77वां गणतंत्र दिवस सोमवार को हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह मुंशी त्रिलोकचंद माथुर स्टेडियम में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। समारोह के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) हेमराज परिड़वाल ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (एसपी) लोकेश सोनवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) गुमना राम, अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। इस अवसर पर जिले के शहीदों की वीरांगनाओं को जिला कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों द्वारा शॉल और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रशासन, शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की 38 प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक शारीरिक व्यायाम, सूर्य नमस्कार, मार्च-पास्ट और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी दर्शकों ने सराहना की। विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार को दर्शाती आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं। शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र हाथों में तिरंगा लेकर “जय हिंद” के नारों के साथ रैली के रूप में कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जिससे पूरे वातावरण में देशभक्ति का संचार हुआ। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला कलेक्ट्रेट में जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना, सीएमएचओ कार्यालय में सीएमएचओ डॉ. जयंतीलाल मीणा और जिला चिकित्सालय में पीएमओ डॉ. रामकेश मीणा ने भी ध्वजारोहण किया। राजकीय महाविद्यालय, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों, राजनीतिक दलों के कार्यालयों और जिले के सरकारी विद्यालयों व संस्थानों में भी गणतंत्र दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *