गणतंत्र दिवस पर बड़ी चौपड़ की सियासी परंपरा कायम:सत्ता और विपक्ष ने अलग-अलग दिशाओं में किया झंडारोहण; जूली बोले- सत्ता के खिलाफ बोलने वालो के काटे वोट

गुलाबी शहर की ऐतिहासिक बड़ी चौपड़ पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर वर्षों से चली आ रही सियासी परंपरा एक बार फिर कायम रही। हर साल की तरह इस बार भी सत्ता पक्ष और विपक्ष ने अलग-अलग दिशाओं में झंडारोहण कर लोकतंत्र और संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व दिशा में किया झंडारोहण सत्ता पक्ष की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार सुबह 8 बजे पूर्व दिशा (रामगंज की ओर) झंडारोहण किया। इस दौरान बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा, बालमुकुंदाचार्य, कुसुम यादव, सौम्या गुर्जर सहित बड़ी संख्या में बीजेपी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सीएम बोले- 77वां गणतंत्र दिवस संविधान की ताकत का प्रतीक समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- आज हम 77वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। इस अवसर पर मैं समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। देश की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को मैं नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान हमें लोकतंत्र की ताकत का एहसास कराता है। आज पूरा देश संविधान के अनुसार चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज देश दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और आने वाले समय में तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। जल्द ही भारत विश्व गुरु और महाशक्ति के रूप में उभरेगा। डबल इंजन सरकार से राजस्थान हर क्षेत्र में आगे- सीएम मुख्यमंत्री ने कहा- डबल इंजन की सरकार सड़क, पानी, बिजली, उद्योग, कृषि, खनन और युवाओं के रोजगार सहित हर क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कर रही है। बड़ी चौपड़ का यह ऐतिहासिक झंडारोहण कार्यक्रम हमारी सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी की याद दिलाता है। विपक्ष की ओर से टीकाराम जूली ने दक्षिण दिशा में फहराया तिरंगा सत्ता पक्ष के कार्यक्रम के बाद विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने दक्षिण दिशा (सांगानेर गेट की ओर) झंडारोहण किया। इस अवसर पर पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक अमीन कागजी, रफीक खान, प्रशांत शर्मा, वैभव गहलोत, आर.आर. तिवाड़ी, गोपाल मीणा, शकुंतला रावत सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। जूली बोले- भारत समानता और अधिकारों का गणतंत्र झंडारोहण के बाद सभा को संबोधित करते हुए टीकाराम जूली ने कहा- भारत एक खूबसूरत और महान गणतंत्र है, जहां सभी जाति और संप्रदाय के लोगों को समानता का अधिकार प्राप्त है।यह गणतंत्र सामाजिक न्याय और प्रगति का प्रतीक है। संविधान, एजेंसियों और योजनाओं को लेकर सरकार पर हमला जूली ने सत्ताधारी दल पर निशाना साधते हुए कहा- आज देश में हालात चिंताजनक हैं। जो लोग संविधान की वजह से सत्ता में आए हैं, वही आज संविधान को कमजोर करने का काम कर रहे हैं।पहले ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई के जरिए विपक्षी नेताओं को डराया गया, अब SIR के माध्यम से असहमति रखने वालों के वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा- संविधान गरीबों को आगे बढ़ाने की बात करता है, लेकिन आज मनरेगा जैसी योजना को कमजोर किया जा रहा है, जिसने गांवों का विकास किया और मजदूरों का पलायन रोका। सनातन के नाम पर सत्ता में आई बीजेपी आज संत-महात्माओं का अपमान कर रही है और शंकराचार्य से सनातनी होने का प्रमाण मांगा जा रहा है। लोकतंत्र की जीवंत तस्वीर बनी बड़ी चौपड़ उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस पर बड़ी चौपड़ का यह आयोजन एक बार फिर लोकतंत्र की जीवंत परंपरा का प्रतीक बना, जहां सत्ता और विपक्ष दोनों ने संविधान के प्रति अपनी-अपनी भूमिका और विचार जनता के सामने रखे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *