दमोह में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहाँ प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया। इस अवसर पर कलेक्टर सुधीर कोचर और पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के बाद मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया। परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट के प्लाटून शामिल हुए। सभी प्लाटून ने अतिथि को सलामी देते हुए मार्च पास्ट किया। समारोह में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अपने उत्कृष्ट कार्य के लिए सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी द्वारा सम्मानित किया गया। दमोह जिले में सरकारी और निजी संस्थाओं में भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराया गया, जिससे पूरे जिले में उत्सव का माहौल रहा। कार्यक्रम में दमोह विधायक जयंत मलैया, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजिता पटेल के साथ गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।


