सिवनी मुख्यालय सहित पूरे जिले में गणतंत्र दिवस का पर्व हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह भैरोगंज फुटबॉल स्टेडियम मैदान में आयोजित हुआ। यहां प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने झंडा फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन भी किया गया। समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जिन्होंने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया। स्वास्थ्य विभाग की झांकी में आयुष्मान भारत-जन आरोग्य योजना के तहत गरीबों को मिलने वाले 5 लाख रुपये तक के नि:शुल्क इलाज को दर्शाया गया। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ते कदमों का प्रदर्शन किया। पशुपालन विभाग ने दुग्ध उत्पादन से समृद्धि की थीम पर झांकी प्रस्तुत की। कृषि विभाग ने जैविक हाट बाजार, यूरिया ई-वितरण प्रणाली और नमो ड्रोन दीदी योजना को दर्शाया। विद्युत विभाग ने प्रधानमंत्री कुसुम योजना और सोलर रूफटॉप योजना के माध्यम से ऊर्जा आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। एनआरएलएम ने लखपति दीदी योजना पर ध्यान केंद्रित किया, जबकि आदिवासी विकास विभाग ने एकलव्य मॉडल विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा के प्रसार को प्रदर्शित किया। कुल 11 विभागों की झांकियां समारोह का मुख्य आकर्षण रहीं। झांकियों के बाद परेड द्वारा मार्चपास्ट किया गया। स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र तथा सांस्कृतिक प्रतिभागियों को पारितोषिक वितरित किए गए। राष्ट्रीयता के प्रतीक तिरंगे को लेने के लिए बड़ी संख्या में बच्चे और नागरिक पहुंचे। शहर के चौक-चौराहों पर तिरंगा झंडा और सजावटी सामग्री की दुकानें सजी रहीं। जिले के धनोरा, घंसौर, लखनादौन, छपारा, केवलारी, बरघाट और कुरई विकासखंडों में भी गणतंत्र दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। इसी क्रम में “लोकतंत्र का लोक उत्सव भारत पर्व” कार्यक्रम आज शाम 6:30 बजे लाड़ली बहना पथ, कंपनी गार्डन के सामने आयोजित होगा। इसमें छतरपुर और डिंडौरी के कलाकार पारंपरिक लोकगायन और लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगे।


