नीमच जिले में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह पारंपरिक गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के मैदान पर आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शांति के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े। समारोह में प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रदेश की जनता के नाम संदेश पढ़ा, जिसमें राज्य की प्रगति और जनहितकारी योजनाओं का उल्लेख था। मैदान पर सीआरपीएफ, सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, वन विभाग, नगर सेना, एनसीसी, स्काउट और शौर्या दल की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद स्कूली बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने दर्शकों को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा शासन की कल्याणकारी योजनाओं और विकास गतिविधियों पर केंद्रित आकर्षक झांकियां निकाली गईं। इनमें नगरपालिका, स्वास्थ्य, कृषि और पंचायत सहित कई विभागों ने अपनी उपलब्धियों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, समाजसेवियों और प्रतिभावान नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, कलेक्टर हिमांशु चंद्र, एसपी अंकित जायसवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


