भास्कर न्यूज | कोडरमा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा के तत्वावधान में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार कोडरमा के सचिव गौतम कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मी, व्यवहार न्यायालय कोडरमा के न्यायालयकर्मी, एलएडीसीएस के अधिवक्तागण, पारा लीगल वॉलिंटियर्स, मध्यस्थ सहित अन्य स्टेक होल्डर्स ने भाग लिया। इस दौरान सभी ने सामूहिक रूप से निर्भीक, निष्पक्ष एवं स्वच्छ मतदान करने का संकल्प लिया। सचिव गौतम कुमार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक का निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान करना आवश्यक है। उन्होंने अपील की कि सभी प्रकार के निर्वाचन में जाति, वर्ग, लिंग अथवा किसी भी प्रकार के भेदभाव से ऊपर उठकर मतदान प्रक्रिया में भाग लें, ताकि देश की लोकतांत्रिक परंपराएं सुदृढ़ बनी रहें। कार्यक्रम के दौरान सचिव गौतम कुमार ने शपथ पत्र का पाठ किया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने दोहराया और स्वच्छ, निर्भीक एवं निष्पक्ष मतदान करने की शपथ ली। सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करेंगे। भास्कर न्यूज | कोडरमा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन शाखा, कोडरमा के सौजन्य से समाहरणालय परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ऋतुराज मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर लोकतंत्र को मजबूत करने और मतदाता जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त ऋतुराज, अपर समाहर्ता पूनम कुजूर, अनुमंडल पदाधिकारी ओमप्रकाश मंडल, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रिंस गोडविन कुजूर सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के साइन बोर्ड का गुब्बारा उड़ाकर किया गया। इसके बाद नए मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र प्रदान किए गए।कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी, बीएलओ, बीएलओ पर्यवेक्षक, सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर, हेल्प डेस्क मैनेजर (1950) एवं निर्वाचन कार्यालय के कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि निष्पक्ष और सफल चुनाव में इन सभी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपायुक्त सहित सभी पदाधिकारियों और कर्मियों ने हस्ताक्षर कर नैतिक एवं निर्भीक मतदान का संदेश दिया। वहीं राष्ट्रीय मतदाता दिवस के सेल्फी प्वाइंट पर अधिकारियों ने सेल्फी लेकर मताधिकार के प्रति जागरूकता का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया। कार्यक्रम के अंतर्गत टोल प्लाजा से एडवेंचर पार्क, उरवां तक साइकिल रैली भी निकाली गई। इस रैली का उद्देश्य मतदाता जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाना रहा। रैली में बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस मौके पर उपायुक्त ऋतुराज ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को मतदाता शपथ दिलाई। शपथ के दौरान लोकतंत्र में आस्था रखने, स्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन की गरिमा बनाए रखने तथा बिना किसी भय, प्रलोभन या भेदभाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प लिया गया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी ओमप्रकाश मंडल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक रतिभान सिंह, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।


