सड़क सुरक्षा माह के तहत टंडवा में जागरूकता अभियान,

भास्कर न्यूज | चतरा उपायुक्त कीर्तिश्री जी के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा माह के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में टंडवा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव ने वाहन चालकों को रोककर उन्हें हेलमेट का वितरण किया। इस अवसर पर डीटीओ ने वाहन चालकों को फूल-माला पहनाकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और अपील की कि जब भी घर से बाहर निकलें, अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर ही निकलें। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ-साथ पीछे बैठने वाले सवारी के लिए भी हेलमेट पहनना जरूरी है, ताकि दुर्घटना की स्थिति में जानमाल की क्षति को कम किया जा सके। डीटीओ ने चारपहिया वाहन चालकों से भी सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए यातायात नियमों का पालन हर हाल में जरूरी है।जिला परिवहन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि सड़क सुरक्षा को लेकर 1 जनवरी से 31 जनवरी तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान, हेलमेट वितरण, वाहन जांच एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *