लुधियाना में साइबर ठगों पर नकेल कसने के लिए लुधियाना पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान को उस समय बड़ी सफलता मिली जब पुलिस ने बैंक मैनेजर को फर्जी दस्तावेज भेजकर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर श्री स्वप्न शर्मा (IPS) के दिशा-निर्देशों और डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस श्री हरपाल सिंह (PPS) की निगरानी में की गई। जानकारी के अनुसार साइबर क्राइम थाना लुधियाना की टीम ने मुकदमा नंबर 5/2026 में वांछित आरोपी को पकड़ा। आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर के बैंक मैनेजर को फर्जी दस्तावेज भेजे और उसके बैंक अकाउंट से करीब 4 लाख 20 हजार रुपये धोखे से निकलवा लिए थे। तफ्तीश के दौरान इस मामले के जांच अधिकारी SI हरिंदरपाल ने 21 जनवरी 2026 को मुख्य आरोपी विशाल वर्मा को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 27 जनवरी 2026 तक का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान आरोपी ने कई अहम खुलासे भी किए हैं जिनके आधार पर पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और जनता को भी जागरूक रहने की जरूरत है ताकि वे किसी भी तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार न हों।


