गणतंत्र दिवस के मौके पर राजधानी के पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य समारोह आयोजित हुआ। राज्यपाल रमेन डेका ने परेड की सलामी ली और विजेता टुकड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान सुरक्षाबलों की 17 टुकड़ियों ने अनुशासित मार्चपास्ट कर कार्यक्रम को भव्य बनाया। परेड की कमान प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी अदित्य कुमार ने संभाली। मार्चपास्ट प्रतियोगिता में केन्द्रीय बलों में सशस्त्र सीमा बल को पहला, सीमा सुरक्षा बल को दूसरा और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस को तीसरा स्थान मिला। राज्य बलों में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महिला टुकड़ी ने पहला, पुरुष टुकड़ी ने दूसरा और नगर सेना महिला टुकड़ी ने तीसरा स्थान हासिल किया। एनसीसी सीनियर विंग गर्ल्स पहले और सीनियर डिवीजन बॉयज़ दूसरे स्थान पर रहे। कई अन्य विजेता भी शामिल कार्यक्रम में महिला बैगपाइपर बैंड, पुलिस बैंड, अश्वारोही दल और डॉग स्क्वॉड की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। महिला बैगपाइपर बैंड को पहला, पुलिस बैंड को दूसरा, अश्वारोही दल को तीसरा और डॉग स्क्वॉड को चौथा पुरस्कार दिया गया। गणतंत्र दिवस पर 16 विभागों की झांकियां भी निकाली गईं, जिनमें सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को दिखाया गया। झांकी प्रतियोगिता में ग्रामोद्योग विभाग को पहला, जेल विभाग को दूसरा और स्कूल शिक्षा विभाग को तीसरा पुरस्कार मिला। कृषि, स्वास्थ्य, महिला-बाल विकास, ग्रामीण विकास और पर्यटन से जुड़ी योजनाओं को झांकियों में सरल तरीके से प्रस्तुत किया गया। एआईं आधारित डाटा सेंटर की थी जानकारी उद्योग विभाग की झांकी में नवा रायपुर में बन रहे एआई आधारित डाटा सेंटर और सेमीकंडक्टर प्लांट की जानकारी दी गई। वहीं वन विभाग ने इको-टूरिज्म, श्रम विभाग ने श्रमिकों के लिए योजनाएं और शिक्षा विभाग ने डिजिटल पढ़ाई की झलक दिखाई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की प्रगति और विकास की तस्वीर देखने को मिली।


