गणतंत्र दिवस के अवसर पर झाबुआ जिले के रानापुर नगर स्थित शनिदेव मंदिर में भगवान का विशेष ‘तिरंगा श्रृंगार’ किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। केसरिया, सफेद और हरे रंग में विराजे शनि देव गणतंत्र दिवस की खुशी में मंदिर को पूरी तरह से राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से सजाया गया था। नारायण नंदाजी राठौड़ परिवार के सहयोग से मंदिर में भव्य झांकी सजाई गई। पुजारी मयंक जोशी के मार्गदर्शन में भगवान शनि देव का आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसमें केसरिया, सफेद और हरे रंगों का बेहद खूबसूरती से उपयोग किया गया। इसके साथ ही पूरा मंदिर परिसर तिरंगे गुब्बारों से सजाया गया, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। ‘जय श्री शनिदेव’ और ‘जय हिंद’ के नारों से गूंजा परिसर इस खास आयोजन और भगवान के अनूठे रूप के दर्शन करने के लिए सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। इस दौरान भक्तों ने कहा कि यह धार्मिक आस्था के साथ देश के प्रति प्रेम प्रकट करने का एक बेहतरीन तरीका है। दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में “जय श्री शनि देव” के साथ-साथ “जय हिंद” के नारे भी गूंजते रहे।


