बसंत पंचमी: महाकाल मंदिर में आज विशेष आयोजन:भस्म आरती में पीले-बसंती फूल, संध्या आरती में गुलाल अर्पण का होगा विधान

उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को बसंत पंचमी का पावन पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। प्रातः की भस्म आरती में बाबा को पीले और बसंती पुष्प अर्पित किए जाएंगे, जबकि संध्या आरती के दौरान भगवान को गुलाल समर्पित किया जाएगा। मंदिर के पुजारी आशीष शर्मा के अनुसार, भगवान महाकाल के भोग में पीले पकवान विशेष रूप से शामिल किए जाएंगे। महाकालेश्वर मंदिर की परंपरा के अनुसार सभी पर्व और त्योहार यहां सर्वप्रथम मनाए जाते हैं। इसी दिन सांदीपनि आश्रम में एक विशेष आयोजन होगा। आश्रम के मुख्य पुजारी रूपम व्यास ने बताया कि भगवान श्री कृष्ण और बलराम को पीले वस्त्र धारण कराए जाएंगे तथा सरसों के पीले फूलों से श्रृंगार किया जाएगा। भोग में मीठे पीले चावल अर्पित किए जाएंगे। इस शुभ अवसर पर पहली बार विद्यालय जाने वाले बच्चों का विद्यारंभ संस्कार भी संपन्न होगा, जिसमें पाटी (स्लेट) पूजन के साथ मां सरस्वती से विद्या का आशीर्वाद मांगा जाएगा। वैष्णव मंदिरों में भी बसंत पंचमी से फाग महोत्सव की शुरुआत होगी, जहां भगवान को गुलाल अर्पित किया जाएगा। कुछ वैष्णव मंदिरों में यह उत्सव रविवार को ही मनाया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *