हरदा में आयोजित प्रदेशस्तरीय दंगल प्रतियोगिता में रविवार को पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। स्व. हरि पहलवान और कन्हैयालाल (कन्नी पहलवान) की स्मृति में मिडिल स्कूल ग्राउंड पर आयोजित इस विशाल इनामी दंगल में मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई शहरों से पहलवानों ने हिस्सा लिया। मुख्य आकर्षण रहे फाइनल मुकाबले में बुरहानपुर के रेहान पहलवान और चालीसगांव महाराष्ट्र के दादू पहलवान ने करीब 30 मिनट तक दर्शकों को रोमांचित किया। कड़े मुकाबले के बाद यह मैच बराबरी पर समाप्त हुआ। इसी तरह हरदा के संती और इंदौर के विजय भाटी के बीच का मुकाबला भी बराबरी पर खत्म हुआ। पलक झपकते पटखनी देकर विजय हासिल की
प्रतियोगिता में हरदा के पहलवानों का दबदबा रहा। कल्लू पहलवान ने अमरावती के आदिल पहलवान को, सागर ने सिवनी छपारा के अजय को, और अनिल पहलवान ने छिंदवाड़ा के विनोद पहलवान को पराजित किया। विशेष रूप से सागर का मुकाबला देखने लायक रहा, जिन्होंने पलक झपकते ही अजय को पटखनी देकर विजय हासिल की। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त अखाड़ा कमेटी के अध्यक्ष प्रकाशचंद्र वशिष्ठ ने की। इस अवसर पर उद्योगपति देवव्रत अग्रवाल और युवा नेता सुदीप पटेल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


