दतिया| शहर का सबसे व्यस्ततम बिहारी जी मार्ग पर स्थानीय लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। इससे बड़ी संख्या में वाहन आधे घंटे तक रेंग-रेंग कर चलते नजर आए। इस दौरान यातायात पुलिस के जिम्मेदार नदारद रहे। स्थानीय लोगों की मदद से जाम खुल सका। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। बता दें कि बिहारी जी मार्ग शहर का सबसे व्यस्ततम रास्ता है। इसी रास्ते होकर शहर के लोग बस स्टैंड, श्री पीतांबरा पीठ और रेलवे स्टेशन की ओर जाते हैं। रविवार को यातायात पुलिस की गैर मौजूदगी में दोपहर करीब 12 बजे बड़े वाहन रॉन्ग साइड घुस आए। इससे दरोगा वाली गली से लेकर तिगलिया तक जाम के हालात पैदा हो गए। बड़ी मुश्किल में वाहनों का निकलना हो सका। लोग निकलने के लिए वाहनों के हॉर्न बजाते रहे। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस नदारद रही।


