भास्कर न्यूज | बिश्रामपुर रविवार सुबह करीब नौ बजे एनएच 43 पर ग्राम पंचायत सतपता के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक कर आगे निकलने का प्रयास कर रही कार को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक ने कार को रगड़ते हुए आगे बढ़ते हुए उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे में कार के एयर बैग के समय रहते खुलने से कार चालक की जान बच गई। घटना के संबंध में कार चालक आदर्श जायसवाल, जो एक ईंट व्यवसायी हैं, ने बिश्रामपुर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। आदर्श जायसवाल ने बताया िक रविवार को अंबिकापुर से अपने ईंट भट्ठा मानी जा रहे थे। बिश्रामपुर विद्युत सब स्टेशन के पास उन्होंने आगे चल रही ट्रक को ओवरटेक कर आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन ट्रक और कार की गति तेज होने के कारण दोनों के चालक कोई समझ पाते, इससे पहले ही ट्रक ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक से टकराने के बाद कार कई मीटर तक रगड़ते हुए क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, कार के एयर बैग खुल जाने से चालक आदर्श जायसवाल को गंभीर चोटें नहीं आईं। घटना के बाद भीड़ का फायदा उठाकर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। बिश्रामपुर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ धारा 281, 125 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और दोनों वाहनों को थाने में खड़ा किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


