रायसेन के वीआईपी कॉलोनी में 24-25 जनवरी की रात एक सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मचारी के घर चोरी हुई थी। अज्ञात चोरों ने उन्हें घर के अंदर बंद कर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर, आज (26 जनवरी) थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने चोरी वाले घर पर तिरंगा फहराया। उन्होंने इस दौरान संदेश दिया कि लोकतंत्र के इस पर्व पर कानून हमेशा अपराध और अपराधियों से ऊपर रहेगा। थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी की यह घटना पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज में तीन चोर एक बाइक पर आते दिखे, जिनमें से एक टॉर्च लिए हुए था जबकि दो अन्य चोरी कर रहे थे। पुलिस ने इन्हीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। जेवरात और नकदी चोरी हुई थी
फरियादी मुलायम सिंह ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी हुई है। इसी तरह, रविवार (25 जनवरी) को फरियादी दीपक शर्मा निवासी भारत विहार कॉलोनी, रायसेन ने लोहे के गाटर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने इन घटनाओं को गंभीरता से लिया। एसडीओपी नीलम चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली नरेंद्र गोयल ने एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी हुई
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अजब सिंह अहिरवार, निवासी वार्ड 04, भारत विहार कॉलोनी, रायसेन), दिनेश उर्फ दीना निवासी वार्ड क्रमांक 14, पाटनदेव, और जितेंद्र गोस्वामी निवासी वार्ड 04, भारत विहार कॉलोनी, रायसेन) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का माल, घटना में प्रयुक्त डीलक्स बाइक और एक ऑटो जब्त किया है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। चोरी की घटना को लेकर फरियादी मुलायम सिंह की बेटी के द्वारा पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है और उन्होंने कहा है कि जब तक लोगों की सुरक्षा में पुलिस बल है अपराधी बच नहीं सकता।


