रिपब्लिक डे पर टीना डाबी का ‘सैल्यूट’:मंत्रीजी की जीप से गिरे ‘माननीय’; पूर्व विधायकजी को ‘पायलट’ पसंद हैं

नमस्कार जयपुर में सेना की वर्दी पहने 3 साल के बच्चे ने रिपब्लिक डे पर खूब जज्बा दिखाया। भरतपुर में ऊर्जा मंत्री गफलत में गणतंत्र को ‘स्वतंत्र’ कर गए। बाड़मेर में कलेक्टर टीना डाबी का ‘सैल्यूट’ चर्चा में रहा। करौली में मंत्रीजी की जीप पर जरूरत से ज्यादा माननीय चढ़ गए। भाजपा से निकाले गए नेता सचिन पायलट के ‘फैन’ निकले और SP साहब को 26 जनवरी के समारोह में अनोखा कलाकार मिल गया। राजस्थान की राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में… 1. बच्चे का जज्बा, स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं और ‘सैल्यूट’ गणतंत्र दिवस के खूब रंग नजर आए। कहीं 3 साल के बच्चे में जोश दिखा। कहीं मंत्री महोदय से गफलत हो गई और कहीं कलेक्टर साहिबा सैल्यूट की दिशा से भटक गईं। जयपुर में बड़ी चौपड़ पर कांग्रेस का ध्वाजारोहण होना था। 3 साल का बच्चा नोमान फौजी की वर्दी में था। कमर पर पिस्तौल टांगी हुई थी। रिपब्लिक डे का ऐसा जोश कि मंच पर चढ़ गया। पत्रकार ने पूछा- दुश्मन को कैसे मारोगे? बच्चे ने पिस्तौल निकाली और पत्रकार को दुश्मन समझ तान दी। पत्रकार ने फिर पूछा-फौजी कैसे चलता है? बच्चा कोहनियां टिकाकर चलने लगा। उधर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराने भरतपुर पहुंचे। यहां लोगों को संबोधित किया। कहा- 77वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। दो बच्चे आपस में फुसफुसाए-आज गणतंत्र दिवस है न? उधर, बाड़मेर में कलेक्टर महोदया हड़बड़ी में नजर आईं। रिपब्लिक डे पर खास केसरिया वस्त्र पहने। सिर पर राजस्थान की शान का प्रतीक साफा भी लगाया। ध्वजारोहण करने के बाद उल्टी दिशा में सैल्यूट मारकर खड़ी हो गईं और इधर-उधर देखने लगीं। वहां खड़े जवान ने बताया कि सैल्यूट किधर मारना है। मैडम का सैल्यूट सही दिशा में पहुंचा तो बालिकाओं ने ‘जन-गण-मन’ गाना शुरू किया। 2. मंत्रीजी की गाड़ी से गिरे ‘माननीय’ हमने खूब तस्वीरें देखीं जिनमें स्कूल जाते बच्चे जीप के पीछे लटक कर जाते दिखे। एक ताजा तस्वीर तो बांसवाड़ा से आई थी जिसमें 17 सीटर जीप पर 60 लोग लदे थे। ऐसी तस्वीरें देखकर चिंता होती है। मन में विचार आता है कि परिवहन विभाग कहां है? अफसर क्या कर रहे हैं? ओवरलोड जीप की तस्वीर करौली से भी आई। यहां बसंत पंचमी के मौके पर गृहराज्य मंत्री जी पहुंचे थे। मंत्रीजी जीप में नगर परिक्रमा करते हुए लोगों का अभिवादन कर रहे थे। चारों ओर भीड़। छतों पर महिलाएं-बच्चे। मंत्रीजी का सामिप्य पाने की चाहत में कई नेता-कार्यकर्ता जीप पर चढ़ गए। जीप ओवरलोड हो गई। इस दौरान रोड पर एक ब्रेकर आ गया। ब्रेकर पर जीप ने हिचकोला खाया और आधे माननीय उछल कर रोड पर जा गिरे। छत पर सवार महिलाओं की हंसी छूट गई। मंत्रीजी ने पीछे पलटकर देखा। सभी सकुशल थे। उन्होंने फिर अभिवादन करना शुरू किया। कुछ माननीय कपड़े झाड़कर दोबारा सवार हो गए। 3. ‌BJP निष्कासित नेता को ‘पायलट पसंद हैं’ उनका नाम ज्ञानदेव आहूजा है। कभी वे अलवर इलाके में पार्टी के फायरब्रांड नेता थे। उनके नाम का डंका बजता था। पार्टी से टिकट नहीं मिला तो खुले आम शीर्ष नेताओं से बगावत करने लगे। फिर एक ऐसी मिस्टेक की जिसे पार्टी संगठन ने माफ नहीं किया और पार्टी से निष्कासन का लेटर थमा दिया। नेताजी को फौजियों जैसी उम्मीद है-मैं वापस आऊंगा। सब जगह, हर मौके पर यही कहते हैं-पार्टी में था, पार्टी में हूं, पार्टी में रहूंगा। कमल का फूल ही मेरी पहचान है। 20 दिन पहले अजमेर में भी यही शब्द कहे। अब उनका ताजा वीडियो सोशल मीडिया पर घूम रहा है। जिसमें नेताजी कह रहे हैं- मैं सिर्फ एक नेता की इज्जत करता हूं, सचिन पायलट की। उनके पिता मेरे दोस्त थे। गहलोत जी से मैंने संबंध नहीं बिगाड़े, उन्होंने मुझसे बिगाड़े वरना मैं गहलोत जी की इज्जत करता था। 4. चलते-चलते.. कला हो तो कद्रदान मिल ही जाते हैं। और कलाकार अनोखा हो तो कद्रदान कायल हो जाते हैं। झालावाड़ में लोहारिया गांव के रहने वाले करण सिंह सिसोदिया को 26 जनवरी के जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। एसपी साहब की दिलचस्पी हुई कि करण सिंह में कौन सी कला है? उन्होंने करण सिंह से बात की तो पता चला कि करण सिंह 8-9 तरह के पेड़ों के पत्तों से संगीत की धुन निकाल सकते हैं। एसपी साहब की दिलचस्प बढ़ी। उन्होंने गुजारिश की-इस अनोखे संगीत का नमूना तो पेश करो। करण सिंह की जेब में कागज का एक हार्ड टुकड़ा था। उसी को निकाला और होठों से लगाकर धुन निकाली-मेरे देश की धरती सोना उगले, उगले हीरे मोती। एसपी साहब वाह-वाह कर उठे। साहब वीडियो भी बना रहे थे। चट-पट सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा- संसाधनों का अभाव संगीत को छुपा नहीं सकता। आपकी प्रतिभा को सलाम। एसपी सर ने करण सिंह के साथ फोटो भी खिंचाया और वहां मौजूद अतिथियों से चहक कर बोले- मैंने इनका वीडियो भी बना लिया। (इनपुट सहयोग- विजय कुमार (बाड़मेर), ऋषभ सैनी (जयपुर), गौरव माथुर (भरतपुर), धर्मेंद्र शर्मा (करौली), बल बहादुर सिंह हाड़ा (झालावाड़)।) वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *