भास्कर न्यूज | सुकमा भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय निकाय चुनाव से पहले रविवार को सभी जिलों में पत्रवार्ता आयोजित कर निकाय चुनाव को लेकर जानकारी दी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे ने आरोप लगाते कहा कि बीते 5 साल में कांग्रेस सरकार ने सुकमा नगर पालिका को बर्बाद कर दिया। विकास काम नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। भ्रष्टाचार की बुनियाद पर कांग्रेसी अपना स्वार्थ साध रहे थे। इसका परिणाम भी देखने को मिला, जब ईडी की कार्रवाई ने भ्रष्टाचार की पोल खोल दी। पूर्व मंत्री कवासी लखमा, उनके पुत्र हरीश कवासी और नपा अध्यक्ष जगन्नाथ राजू साहू के खिलाफ जांच जारी है। बारसे ने कहा कि टिकट वितरण में किसी तरह की मनमानी नहीं की गई है। भाजपा लोकतांत्रिक पार्टी है। मंडल स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक प्रोटोकॉल निर्धारित है। इस प्रोटोकॉल के तहत टिकट वितरण किया है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज देव की बगावत से पार्टी को नुकसान नहीं होगा। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण भदौरिया, विश्वराज सिंह, नपा अध्यक्ष प्रत्याशी हुंगाराम, पार्षद प्रत्याशी नुपूर वैदिक सहित अन्य मौजूद थे।


