पंचायत राज संस्थाओं में चुनाव से पहले किए गए परिसीमन को लेकर विरोध का सिलसिला शुरू हो गया है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर मंगलवार को बीकानेर में बड़ा विरोध प्रदर्शन का निर्णय किया है। देहात कांग्रेस ने इसके लिए जिलेभर के कार्यकर्ताओं को मंगलवार को कलेक्ट्रेट में एकत्रित होने की अपील की है। जिसके बाद सुबह 11 बजे बिश्नोई धर्मशाला से कलेक्टरी तक विरोध मार्च निकाला जाएगा। देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने बताया कि सुबह 11 बजे सभी कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्टरी में एकत्र होंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं से व्यापक संपर्क किया जा चुका है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद की जा रही है। सियाग ने बताया कि चुनाव से ठीक पहले परिसीमन करके भाजपा ने कांग्रेस को कमजोर करने की कोशिश की है। परिसीमन को सिर्फ राजनीतिक तरीके से किया गया है लेकिन इसका कोई खास असर नहीं पड़ने वाला। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों से पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव क्षेत्र में गलत तरीके से तोड़फोड़ की गई है। नोखा, बीकानेर, लूणकरनसर, श्रीडूंगरगढ़, खाजूवाला, पूगल सहित सहित सभी पंचायत समितियों में फेरबदल किया जा रहा है। परिसीमन करते वक्त क्षेत्र विशेष की भौगोलिक स्थिति भी नहीं देखी गई। मनमर्जी से किए गए इस परिसीमन का विरोध किया जाएगा। प्रदेश मुख्यालय को भी इस आंदोलन के बारे में पिछले दिनों बताया गया। सियाग के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने जयपुर में प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द डोटासरा से मुलाकात की थी। डोटासरा ने भी आंदोलन को ही अंतिम विकल्प बताया था।


