भास्कर न्यूज | लोहरदगा जिलेभर में विद्या की देवी मां सरस्वती की आराधना में छात्रों सहित विभिन्न आयोजन समिति के लोग तैयारी पूरी कर ली है। मां सरस्वती की आराधना को लेकर विद्यार्थी वर्ग, युवाओं व बच्चों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शहर के चौक-चौराहों से लेकर ग्रामीण इलाकों में पंडाल बनाकर मां सरस्वती की पूजा भक्ति भाव से 3 फरवरी को पूजा की जाएगी। पूजा पंडाल निर्माण व पूजा-अर्चना को लेकर युवा और बच्चे आर्थिक जुगाड़ में विगत एक पखवारे से लगे हुए हैं। हर कोई अपने-अपने स्तर से माता की आराधना को ले तैयारियों में जुटा हुआ है। लोहरदगा शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण अंचलों तक लगभग 500 से अधिक स्थानों पर मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की जाएगी। मूर्तिकार भी प्रतिमा को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। इतना ही नहीं कई जगहों पर पूजा के दौरान विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाने की भी तैयारी की जा रही हैं। वहीं दूसरी ओर सरस्वती पूजा को लेकर विभिन्न थाना क्षेत्रों में विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर तैयारी की गई है।


