अशोकनगर जिले के मढ़ी महिदपुर गांव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे के दौरान गांव के खिलाड़ियों ने उनसे स्टेडियम और खेल मैदान बनाने की मांग रखी। ग्राम सभा से बाहर निकलते समय बच्चों ने मुख्यमंत्री को रोककर बताया कि उन्हें खेलने के लिए कोई अच्छा मैदान नहीं मिल रहा है और गांव में स्टेडियम की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने इस पर चंदेरी विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी से कहा कि खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम बनवाया जाए। इस दौरान बच्चों ने कहा कि वे पहले भी विधायक से यह मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर मुख्यमंत्री ने बच्चों को समझाते हुए कहा कि इस तरह की बात नहीं बोलनी चाहिए। खिलाड़ियों से सीएम ने पूछा मैदान के लिए जमीन है
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से पूछा कि क्या खेल मैदान के लिए जमीन उपलब्ध है। बच्चों ने बताया कि हेलीपैड की जमीन खाली है, लेकिन वहां अतिक्रमण है। उन्होंने क्रिकेट के लिए मैदान या स्टेडियम बनाने की मांग की। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि पंचायत के माध्यम से खेल मैदान बनाया जाएगा और अधिकारियों को खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट किट देने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा बच्चों ने अपनी कुछ और समस्याएं भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं, जिन्हें सुनते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इस पर ध्यान देंगे। दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को अशोकनगर पहुंचे थे। वे प्रदेश संगठन मंत्री नित्यानंद शर्मा की अस्वस्थ मां का हाल जानने आए थे। इस दौरान उन्होंने पंचायत भवन और गौशाला का भी निरीक्षण किया।


