जालंधर जिले में घांस मंडी रोड स्थित गुरु नानक कॉलोनी में देर रात एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। इस हादसे में कार ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा टेढ़ा हो गया और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद बिजली की तारों से चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे कॉलोनी में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। तेज रफ्तार में थी कार हादसे में ड्राइवर का सिर शीशे से टकराने के कारण वह खून से लथपथ हो गया। उसे उसके रिश्तेदारों ने कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। बता दे कि गुरु नानक कॉलोनी का रहने वाले करण ने बताया कि कार ड्राइवर गली में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चला रहा था। टल गया बड़ा हादसा गनीमत रही कि हादसे के समय गली में खेल रहे बच्चे कार की चपेट में नहीं आए। तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर कार पर नियंत्रण नहीं रख सका।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय कार में केवल ड्राइवर ही सवार था। ड्राइवर की नहीं हो पाई पहचान लोगों ने आरोप लगाया कि ड्राइवर नशे की हालत में लग रहा था, क्योंकि दुर्घटना के बाद वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। खून से लथपथ होने के कारण ड्राइवर की पहचान नहीं हो सकी। घटना की सूचना बिजली विभाग और संबंधित थाने की पुलिस को दे दी गई है।


