सिंगरौली में कोयला रैक से 4 गायों की मौत:टूसाखांड में हादसा, घायल मवेशियों का इलाज जारी

सिंगरौली जिले के ग्राम टूसाखांड के पास सोमवार रात एक मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन से चार गोवंश की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब कोयला ढोने वाली मालगाड़ी रेलवे ट्रैक पार कर रहे मवेशियों को कुचलती हुई निकल गई। घटना में कुछ मवेशी गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। यह घटना सोमवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है। गांव के रमेश कुमार ने बताया कि तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि रेलवे ट्रैक पर कई गोवंश मृत पड़े थे। ग्रामीणों ने तुरंत घायल मवेशियों को ट्रैक से हटाया और इलाज के लिए गांव ले गए। सूचना मिलने पर पशु चिकित्सकों ने भी मौके पर पहुंचकर घायल गोवंश का उपचार शुरू किया। जानकारी के अनुसार, यह रेलवे ट्रैक एनसीएल की कोयला खदानों से कोयला लेकर छत्तीसगढ़ स्थित एनटीपीसी के पावर प्लांट तक पहुंचाने के लिए उपयोग किया जाता है। मालगाड़ी की तेज रफ्तार और आवाज के कारण मवेशियों को संभलने का मौका नहीं मिला, जिससे यह दुर्घटना हुई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर मवेशियों की आवाजाही सामान्य है, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। उन्होंने रेलवे प्रशासन से ट्रैक के आसपास सुरक्षा उपाय बढ़ाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *