सिवनी जिले के बरघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत बालाघाट-सिवनी मुख्य मार्ग पर जेवनारा गांव के समीप देर रात एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना एक तेज रफ्तार बस और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत के कारण हुई। जानकारी के अनुसार, एक यात्री बस बालाघाट से सिवनी की ओर जा रही थी। इसी दौरान बरघाट की दिशा से आ रही एक बाइक पर दो युवक सवार थे। जेवनारा गांव के पास पहुंचते ही बस और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल बरघाट में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक और घायल मृतक की पहचान शंकरलाल पिता समरलाल इनवाती (30) निवासी बेहराई उमरवाड़ा के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम रामप्रसाद कंगाली (30) है, जो बेहराई उमरवाड़ा का ही निवासी है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। मामले की कर रहे जांच बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश बेस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बस और बाइक की भिड़ंत में एक युवक की मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


