कुल्लू जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने भुंतर स्थित एक निजी होटल में नशे के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने पंजाब के एक युवक और कुल्लू की एक युवती को भारी मात्रा में हेरोइन और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। एसटीएफ कुल्लू के डिप्टी एसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि बीती रात सूचना मिली थी कि भुंतर के एक निजी होटल के कमरे का इस्तेमाल नशा तस्करी के ठिकाने के रूप में किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए टीम इंचार्ज हेड कॉन्स्टेबल राजेश राऊपा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में समीर कुमार, अशोक, महेश और महिला कॉन्स्टेबल सरिता शामिल थे। नकदी और हेरोइन बरामद पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा, जहां कमरे के अंदर संदिग्ध गतिविधियां पाई गईं। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और नकदी मिली।पुलिस ने आरोपियों के पास से 18.80 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। दो तस्कर गिरफ्तार इसके अतिरिक्त, मौके से 1,02,600 रुपए की नकद राशि भी मिली है, जिसे नशे की बिक्री से अर्जित धन माना जा रहा है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय विकास दीप सिंह (अमृतसर, पंजाब) और 21 वर्षीय पूनम (बंदरोल, कुल्लू) के रूप में हुई है। ये दोनों होटल में एक साथ रहकर नशे का कारोबार चला रहे थे।


