शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में कार्यरत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सविता को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान नए मतदाताओं के फॉर्म-6 सबसे अधिक संख्या में भरवाने के लिए प्रदान किया गया है। सविता सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बधाल में डीएम के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने वर्ष 2025-26 के दौरान अपने बूथ क्षेत्र में युवाओं और पात्र नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक किया। उनके प्रभावी प्रयासों से रिकॉर्ड स्तर पर नए वोटरों का पंजीकरण सुनिश्चित हुआ, जिससे मतदाता सूची में अधिकतम नए नाम जोड़े गए। ‘सर्वश्रेष्ठ बूथ लेवल अधिकारी’ के सम्मान से नवाजा गया उनके इस उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें ‘सर्वश्रेष्ठ बूथ लेवल अधिकारी’ के सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने प्रदान किया।राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने इस अवसर पर कहा कि बूथ लेवल अधिकारी लोकतंत्र की रीढ़ होते हैं। उन्होंने जोर दिया कि उनका सक्रिय योगदान चुनावी प्रक्रिया को मजबूत बनाता है। राज्यपाल ने सविता के समर्पण और कार्यशैली को अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक बताया।


