विदिशा के सिंधी कॉलोनी में एक हार्डवेयर दुकान में भीषण आग लग गई। ट्रैक्टर और मशीनों के पार्ट्स का होलसेल व्यवसाय करने वाले मोहित छुगानी की दुकान में लगी इस आग का पता तब चला, जब रात को लगभग 10 बजे जब दुकान के ऊपर रह रहे उनके परिवार ने धुआं देखा। परिवार द्वारा दुकान का शटर खोलने पर आग का पता चला। मोहल्ले के लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन जब स्थिति नियंत्रण से बाहर होती दिखी, तो फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। गनीमत रही की परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना के समय वहां से एक बारात गुजर रही थी, जिसके कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी को पहुंचने में देरी हुई। स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बारात को वहां से हटाया गया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग से हुए नुकसान का आकलन अभी नहीं हो पाया है।


