फाजिल्का जिले में जलालाबाद के बाहमणी वाला रोड पर बीती रात दो दुकानों में चोरी हो गई। बताया जा रहा है कि एक हलवाई और दूसरी कपड़े की दुकान थी। दोनों दुकानों में चोरों ने शातिर तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान मालिकों के मुताबिक, दुकानों की छत के जरिए एग्जॉस्ट फैन की खिड़की तोड़कर आरोपी दुकानों में दाखिल हुए। फिलहाल मौके पर पुलिस पहुंची है और मामले में जांच की जा रही है। स्थानीय निवासी अंकुश कुमार ने बताया कि साथ में अस्पताल बन रहा है। जिसकी सीढ़ी से चोर हलवाई और कपड़े की दुकान की छत पर चढ़े और दुकानों की खिड़कियां तोड़ कर अंदर दाखिल हुए। मक्कड़ स्वीट हाउस के संचालक प्रदीप कुमार के मुताबिक दुकान के एग्जास्ट फैन की खिड़की तोड़ कर दुकान में दाखिल होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान में दाखिल हुए चोर 12 हजार की चॉकलेट, 15 हजार का पनीर, रेड बुल के कैन, मंदिर की गोलक को तोड़ने के साथ साथ करीब 20 हजार की गल्ले में पड़ी नकदी चोरी हो गई है। क्लॉथ शॉप से महंगे सूट और 15 हजार ले गए चोर उन्होंने बताया कि उनकी साथ लगती आरके क्लॉथ हाउस को भी चोरों ने अपना निशाना बनाया है। दुकान मालिक महिला प्रमिला रानी ने बताया कि वह दुकान पर आई तो शटर खोलने पर पता चला कि उनकी दुकान में भी चोरी की गई है। उनकी दुकान से महंगे सूट चोरी हो गए है और करीब 15 हजार की नकदी भी गायब है। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान में भी चोर ऊपर बनी खिड़की तोड़ कर दाखिल हुए और करीब 50 से अधिक सूट और नकदी चोरी कर ले गए। चोरी की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। फिलहाल पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। यहां देखें फोटो…


