SMS स्टेडियम में IPL की तैयारियां शुरू:RCA ने मैदान सुधारने को झोंकी पूरी मशीनरी, कुमावत ने MOU पर विवाद से किया इनकार, बोले- सरकार और बोर्ड गंभीर

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संभावित मुकाबलों को लेकर जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में तैयारियां शुरू हो गई हैं। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) ने स्टेडियम की बदहाल स्थिति को दुरुस्त करने के लिए पूरी मशीनरी और कर्मचारियों को मैदान में उतार दिया है। RCA एडहॉक कमेटी के कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने बताया कि हाल ही में सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, भारतीय सेवा दिवस और गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित हुए थे। इन आयोजनों के चलते स्टेडियम और ग्राउंड की स्थिति प्रभावित हुई है। इसी को देखते हुए अब RCA की टीम ने मैदान को दोबारा खेल के अनुकूल बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में प्रस्तावित IPL मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो। स्टेडियम के MOU को लेकर उठ रहे सवालों पर कुमावत ने स्पष्ट किया कि राजस्थान में बीजेपी की सरकार है और खेल परिषद तथा एडहॉक कमेटी दोनों का गठन सरकार द्वारा ही किया गया है। ऐसे में स्टेडियम को लेकर किसी भी तरह का विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि खेल परिषद के सचिव भी पहले ही यह साफ कर चुके हैं कि IPL मुकाबलों के आयोजन को लेकर कोई विवाद नहीं है। SMS स्टेडियम के लिए जरूरत पड़ी तो MOU या रेंट एग्रीमेंट किया जाएगा, इसमें किसी तरह की समस्या नहीं आएगी। कुमावत ने कहा कि जयपुर में IPL मुकाबलों के आयोजन को लेकर न सिर्फ RCA बल्कि राज्य सरकार भी पूरी तरह गंभीर है। BCCI और राजस्थान रॉयल्स के साथ लगातार बातचीत चल रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि IPL के मुकाबले जयपुर में ही आयोजित होंगे। वहीं RCA में चुनाव नहीं होने की वजह से इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबलों को स्विफ्ट करने को लेकर चल रही चर्चाओं पर कुमावत ने कहा कि इस मुद्दे को बेवजह तूल दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में BCCI द्वारा विजय हजारे ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंटों का आयोजन किया गया, जिनमें रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी खेले। ऐसे में IPL मुकाबलों का आयोजन भी सरकार की देखरेख में पूरी तरह सुचारू रूप से किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *