कांग्रेस पार्टी आगामी पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों को लेकर जमीनी स्तर पर व्यापक तैयारी में जुट गई है। इसी क्रम में 28 जनवरी, बुधवार को जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से पंचायती राज सशक्तिकरण सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन के जरिए कांग्रेस अपने विभाग राजीव गांधी पंचायती राज संगठन को पूरी तरह सक्रिय कर पंचायत व निकाय चुनावों की माइक्रो-लेवल रणनीति पर काम करेगी। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी.बी. यादव ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेशभर से कांग्रेस विचारधारा से जुड़े पंचायती राज जनप्रतिनिधि और संभावित प्रत्याशी शामिल होंगे। यहां चुनावी प्रशिक्षण, रणनीति साझा करने, पंचायत चुनावों को मनरेगा संग्राम से जोड़ने और पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। प्रभावी चुनावी रणनीति तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा सम्मेलन में सिविल सोसाइटी से जुड़े जन संगठनों, विषय विशेषज्ञों और पंचायती राज में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सफल स्थानीय नेताओं के अनुभव साझा किए जाएंगे। इसके माध्यम से जनप्रतिनिधियों को जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और प्रभावी चुनावी रणनीति तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। रंधावा, गहलोत, डोटासरा, जूली करेंगे संबोधित सम्मेलन को कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंद्र सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील पंवार, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। ग्राम चौपाल, जनसुनवाई, पदयात्राएं, संविधान परिचर्चाएं, प्रभात फेरियां की आयोजित डॉ. यादव ने बताया कि संगठन पिछले दो वर्षों से लगातार जमीनी स्तर पर सक्रिय है। ग्राम चौपाल, जनसुनवाई, पदयात्राएं, संविधान परिचर्चाएं, प्रभात फेरियां और मनरेगा साइटों पर श्रमिक संवाद जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से कांग्रेस की रचनात्मक राजनीति को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। अब तक प्रदेश के सभी जिलों में 26 दो-दिवसीय आवासीय सर्वोदय संकल्प शिविर और अधिकांश ब्लॉकों में एक-दिवसीय स्वराज प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि 20 अगस्त को जयपुर में आयोजित स्वराज संसद और स्वराज बचाओ रैली ने पंचायती राज के मुद्दों को प्रदेश स्तर पर नई मजबूती दी। संगठन सशक्त मॉनिटरिंग व्यवस्था के जरिए कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर नजर रख रहा है और उन्हें स्थानीय सरकारों के चुनावों के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतारने की रणनीति बना रहा है। सीबी यादव बोले- सिविल सोसाइटी के साथ मिलकर मनरेगा से जुड़े मुद्दों को और प्रभावी ढंग से उठाने की ठोस रणनीति तैयार की जाएगी डॉ. यादव ने बताया कि कांग्रेस नेतृत्व ने निर्देश दिए हैं कि अधिक से अधिक गांवों में ग्राम चौपाल और मनरेगा संग्राम पहुंचाया जाए। इस दौरान कार्यकर्ताओं की परफॉर्मेंस का आकलन किया जाएगा और जनता के बीच प्रभावी काम करने वाले नेताओं को पंचायत व निकाय चुनावों में अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनरेगा संग्राम के जरिए गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक मनरेगा कानून की कमियों और केंद्र सरकार की नीतियों के प्रभाव को जनता के सामने रखा जा रहा है। जयपुर सम्मेलन में सिविल सोसाइटी के साथ मिलकर मनरेगा से जुड़े मुद्दों को और प्रभावी ढंग से उठाने की ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।


