हनुमानगढ़ जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 2 अलग-अलग कार्रवाइयों में 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों के दौरान भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ हेरोइन, अफीम और चूरा-पोस्त बरामद किए गए। सदर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान 2 आरोपियों जगदीश (30) निवासी वार्ड 15, धौलीपाल और बजरंग (25) निवासी वार्ड 4, धौलीपाल को पकड़ा। उनके कब्जे से 314.80 ग्राम अवैध चूरा-पोस्त, 39.70 ग्राम अफीम और 7.40 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसी कड़ी में तलवाड़ा थाना पुलिस ने कार सवार 2 युवकों को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से 3.06 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही कार को जब्त कर लिया और आरोपियों रवि कुमार (25) निवासी वार्ड 1, मोहनमगरिया और सुशील कुमार (28) निवासी वार्ड 6, मोहनमगरिया को गिरफ्तार किया। मामले में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।


