हनुमानगढ़ में आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान जिले की प्रमुख जनसमस्याओं पर चर्चा के बाद विभिन्न मुद्दों पर आंदोलन की घोषणा की गई। यह कार्यक्रम ‘आप आपरे साथे’ अभियान के तहत हुआ। इसमें जिलेभर से पार्टी के पदाधिकारी, विभिन्न विंग के प्रतिनिधि और सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी ने जिले में बेरोकटोक चल रहे नशे के अवैध कारोबार को सबसे अहम मुद्दा बताया। इस पर रोक लगाने के लिए ‘आप’ ने जन-जागरूकता अभियान और चरणबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही गोलूवाला थाना क्षेत्र में अनुसूचित जाति और जनजाति के लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर आमजन को साथ लेकर गोलूवाला थाने के समक्ष प्रदर्शन करने का फैसला किया गया। बैठक में किसानों की समस्याओं को लेकर एक अलग अभियान शुरू करने पर सहमति बनी। ‘आप’ एसआईआर अभियान के तहत वोट से वंचित लोगों को जोड़कर उनके वोट बनवाने और घर-घर संपर्क अभियान चलाने की भी योजना बना रही है। खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित पात्र लोगों को योजना में शामिल करने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। टिब्बी क्षेत्र में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में चल रहे आंदोलन में पार्टी के अन्य क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया। टिब्बी नगरपालिका क्षेत्र में साफ-सफाई, गंदे पानी की निकासी और प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रों को वंचित किए जाने के विरोध में घेराव करने का भी फैसला हुआ। वर्षों से बंद पड़ी स्पिनिंग मिल को पुनः चालू करवाने के लिए भी आंदोलन चलाने पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त हनुमानगढ़ जंक्शन क्षेत्र में फैक्टरियों से निकलने वाले बदबूदार पानी, भूमि रूपांतरण में कथित गड़बड़ियों और बढ़ते बिजली बिलों के खिलाफ भी आंदोलन की रणनीति तय की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य सचिव व बीकानेर संभाग संगठन प्रभारी राजवीर माली और जिला अध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल ने कार्यकर्ताओं को अभियान की दिशा और कार्ययोजना से अवगत कराया।


