पत्नी की सांप काटने से मौत पर बुजुर्ग की हत्या:अंधविश्वास में पीट-पीटकर मार डाला, अर्धनिर्मित मकान से शव बरामद

पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र में अंधविश्वास के चलते एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने अपनी पत्नी की सांप काटने से हुई मौत का बदला लेने के लिए यह वारदात की। उसे शक था कि बुजुर्ग ने जादू-टोना करके उसकी पत्नी को मारा है। घटना रविवार को रंगेया पंचायत के चुनका गांव के धंगरडीहा टोला में हुई। सोमवार शाम को 60 वर्षीय फगुनी भुइयां का शव एक अर्धनिर्मित मकान से बरामद किया गया। मंगलवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। मृतक के पुत्र ने बताया कि फगुनी भुइयां रविवार को घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। सोमवार शाम उन्हें सूचना मिली कि उनके पिता की हत्या कर दी गई है। शव उनके घर से करीब 400 मीटर दूर आरोपी के घर के पीछे एक अर्धनिर्मित मकान में पड़ा था। कर्मदेव भुइयां की पत्नी की जंगल में सांप के डंसने से मौत हो गई थी मृतक के पुत्र के अनुसार, उनके पिता फगुनी भुइयां झाड़-फूंक का काम करते थे। कुछ महीने पहले गांव के कर्मदेव भुइयां की पत्नी की जंगल में सांप के डंसने से मौत हो गई थी। कर्मदेव को शक था कि फगुनी भुइयां ने जादू-टोना करके उसकी पत्नी को मारा है। इसी बात को लेकर कर्मदेव ने फगुनी भुइयां को जान से मारने की धमकी भी दी थी। आरोपी कर्मदेव भुइयां के घर के पीछे से ही फगुनी भुइयां का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलने पर मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार सोमवार देर शाम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मंगलवार सुबह मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि यह वारदात ओझा-गुनी के अंधविश्वास के कारण हुई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *