बीकानेर में प्राइवेट बिजली कंपनी और उपभोक्ताओं के बीच मंगलवार को फिर टकराव हो गया। बिजली कंपनी के कर्मचारी यहां शहरी परकोटे में स्थित कुछ घरों में बिना अनुमति घुस गए, जिसके बाद महिलाओं ने हंगामा कर दिया। इन घरों के मीटर कब्जे में लिए गए हें, वहीं बिजली कंपनी के कर्मचारी एफआईआर करवाने नयाशहर थाने पहुंच गए हैं। नत्थानियो की सराय इलाके में वोल्टेज समस्या और क्षतिग्रस्त मीटर व पुराने तार बदलने पहुंची बिजली कंपनी की टीम के साथ धक्का मुक्की हुई। घटना उस समय हुई जब बीकेसीईएल (बिजली कंपनी) की टीम क्षेत्र में खराब मीटर बदलने और तारों की मरम्मत का कार्य कर रही थी। एईएन नितेश कुमार सहित बीकेईएसएल (बिजली वितरण कंपनी) के अधिकारी और कर्मचारी इलाके में कार्य के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने टीम के कार्य का विरोध किया, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गया। आरोप है कि अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली कंपनी के अधिकारी बिना किसी पूर्व सूचना के घरों में जबरन प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे, जिससे नाराजगी फैल गई और विवाद की स्थिति बन गई। कहीं कोई बिजली चोरी नहीं हो रही है। सिर्फ मीटर ही बदलना था तो कंपनी कर्मचारियों को बिना अनुमति घर में नहीं घुसना था। वहीं कंपनी अधिकारियों का कहना है कि वे नियमित सुधार कार्य के तहत मीटर और तार बदलने पहुंचे थे, लेकिन अचानक भीड़ एकत्र होकर अभद्रता और मारपीट पर उतर आई। घटना की सूचना नया शहर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची है।


