डीडवाना में लोकतंत्र की सुखद तस्वीर:गणतंत्र दिवस समारोह के बाद आमजन के साथ डीजे पर झूमें मंत्री और अधिकारी

राजस्थान के डीडवाना जिले से गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक बेहद सुखद और उत्साहजनक तस्वीर सामने आई है। राष्ट्रीय पर्व के जिला स्तरीय समारोह के संपन्न होने के बाद वहां मौजूद आम जनता और प्रशासन के बीच की दूरियां उस समय पूरी तरह खत्म हो गई, जब प्रभारी मंत्री और जिले के शीर्ष अधिकारी स्थानीय लोगों के साथ डीजे की धुन पर झूमते नजर आए। यह नजारा देखकर वहां मौजूद हर शख्स हैरान भी था और खुश भी, क्योंकि अमूमन प्रोटोकॉल में रहने वाले अधिकारी इस तरह आमजन के साथ खुशियां बांटते कम ही दिखाई देते हैं। पहले तस्वीरों में देखिये जिला स्टेडियम में उत्साह का माहौल… ​स्थानीय महिलाओं के आग्रह पर अधिकारियों ने तोड़ा प्रोटोकॉल समारोह के आधिकारिक समापन के बाद कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय लोगों ने डीजे मंगवा लिया था, जिस पर क्षेत्र की महिलाएं लोक गीतों और देशभक्ति के गानों पर नृत्य कर रही थीं। शुरुआत में प्रभारी मंत्री विजय सिंह, जिला कलेक्टर महेंद्र खड़गावत और पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर मंच पर बैठकर केवल महिलाओं का उत्साहवर्धन कर रहे थे। लेकिन स्थानीय लोगों और महिलाओं का उत्साह इतना अधिक था कि उन्होंने मंच पर मौजूद अतिथियों से भी साथ आने का आग्रह करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल इतना खुशनुमा हो गया कि मंत्री और कलेक्टर ने भी मंच से ही थिरकते हुए जनता का साथ देना शुरू कर दिया। ​एसपी ऋचा तोमर ने महिलाओं के बीच पहुंचकर बढ़ाया उत्साह इस पूरे घटनाक्रम का सबसे यादगार पल वह रहा जब समारोह में मौजूद महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर को घेर लिया और उन्हें मंच से नीचे आकर साथ नाचने के लिए मजबूर कर दिया। एसपी तोमर ने भी जनता की भावनाओं का सम्मान किया और प्रोटोकॉल की परवाह न करते हुए महिलाओं के बीच पहुंचकर उनके साथ कदम से कदम मिलाए। लोकतंत्र की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जहां जनता और शासन के बीच का यह अनूठा सामंजस्य चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग प्रशासनिक अधिकारियों के इस सहज और सरल व्यवहार की जमकर सराहना कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *