झारखंड में टल सकती है मैट्रिक-इंटर परीक्षा:JAC बोर्ड में 15 दिन से अध्यक्ष पद खाली; बाबूलाल बोले- पद की लग रही बोली

झारखंड एकेडमिक काउंसिल में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का पद खाली हुए 20 दिन से अधिक हो चुके हैं, पर आज तक इनकी नियुक्ति नहीं हो सकी है। बोर्ड में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष नहीं होने से 8वीं और 9वीं बोर्ड की परीक्षा अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दी गई है। अब मैट्रिक-इंटर की परीक्षा प्रभावित होने की पूरी संभावना बन रही है। शिक्षकों के मुताबिक 11 फरवरी से दोनों परीक्षाएं शुरू हो रही है। स्टूडेंट्स को अब तक एडमिट कार्ड मिल जाना था। कहां फंस सकता है पेंच दरअसल परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड में अध्यक्ष का हस्ताक्षर होता है। बोर्ड में अभी पद रिक्त है। अगर एक से दो दिन में नियुक्त हो भी जाती है तो एडमिट कार्ड में हस्ताक्षर कर, उसे ऑनलाइन अपलोड करने और फिर स्कूलों में डाउनलोड कर बच्चों तक बांटना आसान नहीं होगा। एडमिट कार्ड में अगर किसी तरह की गलती रह गई तो उसे सुधारने का भी मौका नहीं मिल पाएगा। ऐसे में मैट्रिक-इंटर परीक्षा समय पर हो, इसे लेकर शंका की स्थिति बनी हुई है। बाबूलाल बोले- पद की लग रही बोली इधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने रिक्त पदों पर नियुक्ति को लेकर सीएम हेमंत सोरेन को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कमेंट्स करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा है कि कुछ लोग पूर्व अध्यक्ष के पुनर्नियुक्ति के लिए पैरवी लगा रहे हैं, लेकिन शिक्षा मंत्री नए सिरे से नियुक्ति चाहते हैं। हेमंत सरकार का यह खेल नियुक्ति/पुनर्नियुक्ति का नहीं, बल्कि भीतरखाने बोली लगवा कर जैक अध्यक्ष पद को बेचने का है। पहले तो सिर्फ बेरोजगार युवाओं को अपनी राजनीति का शिकार बनाते थे, लेकिन अब जैक अध्यक्ष पद के लिए भीतरखाने बोली लगवाकर स्कूली बच्चों को भी अपनी गंदी राजनीति में घसीट रहे हैं। 2 परीक्षा स्थगित 6 पर संकट के बादल जैक बोर्ड में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का पद नहीं रहने से अब तक 2 परीक्षा स्थगित कर दी गई है। वहीं 6 परीक्षा पर संकट के बादल छाए हुए हैं। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ही परीक्षा से संबंधित गोपनीय कार्य करते हैं। ऐसे में बिना अध्यक्ष के परीक्षा कैसे होगी। हालांकि शिक्षा विभाग से इसे संदर्भ में जैक ने परामर्श मांगा है। बोर्ड में अध्यक्ष पद रिक्त होने की वजह से 8वीं और 9वीं बोर्ड की परीक्षा अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दी हैं। 8वीं की परीक्षा 28 जनवरी और 9वीं की परीक्षा 29-30 जनवरी को होने वाली थी। 8वीं में 5,18,002 और 9वीं बोर्ड की परीक्षा में 4,67,849 परीक्षार्थी शामिल होने वाले थे। इसी तरह बोर्ड की परीक्षा के साथ 6-8 मार्च को होने वाली 11वीं बोर्ड की परीक्षा, आकांक्षा, एनएमएमएस और इंटर वोकेशनल परीक्षाओं के भी स्थगित किए जाने की संभावना दिख रही है। हाईकोर्ट में दायर हुई याचिका झारखंड हाईकोर्ट में जैक के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति को लेकर जनहित याचिका दायर की गई है। वित्त रहित संयुक्त संघर्ष मोर्चा के डॉ. देवनाथ सिंह की ओर से वरीय अधिवक्ता राम सुभग सिंह ने याचिका दायर की है। डॉ. देवनाथ ने कहा कि 18 जनवरी यानी पिछले 14 दिनों से जैक अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का पद खाली है। परीक्षाओं से सभी तरह के गोपनीय कार्य अध्यक्ष खुद देखते हैं। ऐसी स्थिति में मैट्रिक और इंटर (कला, विज्ञान और वाणिज्य) परीक्षा-2025 की 11 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षा ग्रहण लग गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *