2 हजार रुपए का इनामी बदमाश गिरफ्तार:आर्म्स एक्ट के मामले में लंबे समय से चल रहा था फरार, कुचामन क्षेत्र से पकड़ा

डीडवाना-कुचामन पुलिस को वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 2000 रुपए के इनामी अपराधी राजेंद्र उर्फ राजू को गिरफ्तार किया है। आरोपी मौलासर थाना की टॉप-10 सूची में शामिल था। मौलासर पुलिस ने 9 नवंबर 2025 को आरोपी रामनिवास के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया था। रामनिवास को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। अनुसंधान के दौरान रामनिवास ने बताया कि उसने यह हथियार राजेंद्र उर्फ राजू से खरीदा था। इसके बाद से राजेंद्र फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मौलासर पुलिस ने बेहतर टीमवर्क और फील्ड इंटेलिजेंस का उपयोग करते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। उसे कुचामन क्षेत्र से पकड़ा गया और पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजेंद्र कुमार उर्फ राजू (30) पुत्र लालाराम जाट निवासी नांवा के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी के कई प्रकरण दर्ज हैं, जो वर्तमान में विचाराधीन हैं। इनमें मोहनगढ़ (जैसलमेर), परबतसर, कुचामन, मारोठ और कोतवाली जालोर थाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं। इस कार्रवाई में पुलिस थाना मौलासर की टीम शामिल थी, जिसमें उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह (थानाधिकारी), शिंभू सिंह, दिनेश कुमार, धनेश कुमार और रमेश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *