रायसेन में मिड-डे मील का रियलिटी चेक:मंत्री के साथ 7 व्यंजन, अगले दिन थाली में मिले सिर्फ 3; समूह बोला- कल स्पेशल था

रायसेन के एकीकृत शासकीय हाई स्कूल कलेक्ट कॉलोनी में प्रभारी मंत्री के जाते ही मिड-डे मील की तस्वीर बदल गई। गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) पर प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पवार ने बच्चों के साथ जो खाना खाया था, उसमें 7 व्यंजन थे। लेकिन मंगलवार (27 जनवरी) को दैनिक भास्कर के रियलिटी चेक में बच्चों की थाली में सिर्फ 3 आइटम (खीर, पूरी और आलू की सब्जी) ही नजर आए। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि खाने की क्वालिटी और स्वाद कल जैसा ही था। 26 जनवरी को मंत्री, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के लिए विशेष इंतजाम थे। उस दिन परोसे गए भोजन में खीर, पूरी, रोटी, आलू मटर, दाल, चावल और लड्डू शामिल थे। वहीं, आज दोपहर 1 बजे जब स्कूल में खाना पहुंचा, तो मेनू सिमट गया। कामधेनु स्व-सहायता समूह के कर्मचारी बाइक पर तीन टंकियों में खाना लेकर आए। एक कमरे में बच्चे फर्श पर थालियां लेकर बैठकर खाते नजर आए। समूह बोला- आज तय मेनू का खाना है मध्याह्न भोजन समूह के कर्मचारियों ने बताया कि 26 जनवरी को विशेष भोजन तैयार किया गया था। उन्हें लड्डू परोसने का आदेश मिला था और उन्होंने अपनी तरफ से दाल-चावल की मात्रा बढ़ाई थी। आज (मंगलवार) तय सरकारी मेनू के हिसाब से बच्चों को भोजन दिया जा रहा है, जिसमें खीर, पूरी और आलू की सब्जी शामिल है। बच्चों ने कहा- स्वाद वही, बस आइटम कम भास्कर टीम ने जब बच्चों से खाने की क्वालिटी के बारे में पूछा, तो उन्होंने बताया कि स्वाद कल जैसा ही अच्छा है। बच्चों ने कहा कि उन्हें मंगलवार के मेनू के अनुसार वही भोजन मिला, जो कल मंत्री के साथ खाया था (खीर-पूरी), लेकिन कल की तुलना में आज थाली में व्यंजनों की संख्या कम हो गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *