सिवनी में पांच-दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने और सभी शनिवारों को बैंक अवकाश घोषित करने की मांग को लेकर बैंकिंग कर्मचारियों ने एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल की। इस हड़ताल का जिले में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) समेत अधिकांश राष्ट्रीयकृत बैंकों की शाखाओं में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। कर्मचारियों ने प्रमुख चौक-चौराहों तक निकाली रैली हड़ताल के तहत बैंक कर्मचारियों ने एसबीआई मुख्य शाखा बारापत्थर से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों तक रैली निकाली। इस दौरान वित्तमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की गई और प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार को अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। शनिवार से लगातार तीन दिनों की छुट्टी के बाद मंगलवार को बैंक खुलने की उम्मीद लगाए ग्राहकों को हड़ताल के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बैंक शाखाओं में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा, जिससे नकद लेन-देन, चेक क्लियरेंस, ड्राफ्ट और पासबुक एंट्री जैसी सभी काउंटर सेवाएं प्रभावित हुईं। बैंक बंद होने से एटीएम पर लगी लोगों की भीड़ कई ग्राहक अपने जरूरी काम न हो पाने के कारण निराश होकर लौटे। हालांकि, एटीएम, यूपीआई और इंटरनेट बैंकिंग सेवाएं अधिकांश स्थानों पर सामान्य रूप से चालू रहीं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (यूएफबीयू) सिवनी के संयोजक राकेश टेकाम और एसबीआई अधिकारी संघ के क्षेत्रीय सचिव प्रकाश राहंगडाले ने बताया कि ओएफबीयू के आह्वान पर यह राष्ट्रव्यापी हड़ताल की गई। 12वें द्विपक्षीय वेतन पुनरीक्षण समझौते के समय भारतीय बैंक संघ (आईबीए) और यूएफबीयू के बीच पांच-दिवसीय बैंकिंग सप्ताह पर जल्द चर्चा कर समाधान का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, पिछले दो सालों में इस दिशा में कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई। यूनियन पदाधिकारियों ने इस मांग को न्यायोचित बताया, जिससे कार्य-जीवन संतुलन बेहतर होगा और बैंकिंग व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार शीघ्र निर्णय नहीं लेती है, तो आने वाले समय में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


