गणतंत्र दिवस उद्यान विभाग के कस्वां परिवार के लिए बेहद खास रहा। विभाग में कार्यरत पति-पत्नी, डॉ. विजयपाल कस्वां और डॉ. सुमन कस्वां को उनकी बेहतरीन सेवाओं के लिए एक ही दिन अलग-अलग स्तरों पर सम्मानित किया गया। जयपुर के पंत कृषि भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कृषि एवं उद्यानिकी आयुक्त चिन्मयी गोपाल ने उद्यान विभाग के उप निदेशक डॉ. विजयपाल कस्वां को सम्मानित किया। उन्हें यह पुरस्कार उनकी कार्यकुशलता और विभागीय कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए दिया गया। डॉ. कस्वां इससे पहले भी अपनी बेहतर सेवाओं और चुनावी ड्यूटी में अच्छे कार्य के लिए जिला स्तर पर कई बार सम्मानित हो चुके हैं। डॉ. सुमन कस्वां जिला स्तर पर हुईं सम्मानित वहीं दूसरी ओर, सहायक निदेशक डॉ. सुमन कस्वां को भी उनके शानदार काम का ईनाम मिला। विभागीय योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने और उनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने उन्हें जिला स्तर पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।


