सड़क और सीवरेज नहीं होने से लोगों में आक्रोश:चार कॉलोनियों के निवासियों ने दी रास्ता जाम और धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

चूरू शहर की पूनिया कॉलोनी, ओम कॉलोनी, शिव कॉलोनी और मंगला कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों से उत्पन्न समस्याओं को लेकर निवासियों में भारी आक्रोश है। इन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर कॉलोनीवासियों ने मंगलवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वे धरना-प्रदर्शन और रास्ता जाम करने के लिए मजबूर होंगे। कॉलोनीवासियों ने बताया कि पूनिया कॉलोनी फाटक के पास पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्माणाधीन अंडरब्रिज को गलत तरीके से यू-आकार में बनाया जा रहा है। इससे शिव कॉलोनी, ओम कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों का मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो जाएगा। ओंकार वाटिका से आगे का रास्ता बंद होने से हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित होगा। इसके अतिरिक्त ओम कॉलोनी फाटक के पास प्रस्तावित अंडरब्रिज का नक्शा अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है, जिससे आमजन में भ्रम और असंतोष है। लोगों ने स्वीकृत नक्शा सार्वजनिक कर शीघ्र निर्माण शुरू करने की मांग की है। उन्होंने ओम कॉलोनी फाटक से पूनिया कॉलोनी फाटक के बीच पक्की सड़क बनवाने की भी मांग की है। सबसे गंभीर स्थिति सीवरेज व्यवस्था को लेकर है। एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) के ओवरलोड होने और नई लाइन का कार्य रुकने के कारण कॉलोनियों में सीवरेज चैंबर ओवरफ्लो हो रहे हैं। गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य संकट गहराता जा रहा है। कॉलोनी के लोगों ने दोहराया कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे रास्ता जाम कर उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *