हनुमना में सामूहिक विवाह समारोह:366 हिंदू और 30 मुस्लिम जोड़ों ने लिए सात फेरे और पढ़े निकाह

मऊगंज जिले के हनुमना में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्यादान विवाह/निकाह योजना के तहत सोमवार को एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। मंडी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 396 जोड़ों ने एक साथ विवाह बंधन में बंधे। कार्यक्रम में जनपद पंचायत क्षेत्र से 384 और नगर परिषद क्षेत्र से 12 जोड़े शामिल हुए। इनमें से 366 हिंदू जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाज से विवाह किया, जबकि 30 मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ। मंत्रोच्चारण के बीच नवयुगल जोड़ों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की प्रतिज्ञा ली। कार्यक्रम में मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल, जनपद अध्यक्ष गोविंद नारायण तिवारी, जनपद उपाध्यक्ष सुनीता पटेल, नगर परिषद अध्यक्ष सोनू गुप्ता, उपाध्यक्ष सरोज गुप्ता और एसडीएम हनुमना कमलेश पुरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और शासन की योजना के तहत उपहार भी प्रदान किए। उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम के लिए कुल 411 जोड़ों का पंजीयन कराया गया था, जिनमें से 396 जोड़े कार्यक्रम में शामिल हुए। यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम सामाजिक समरसता का एक उदाहरण बनकर सामने आया, जहां हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक ही मंच से अपना वैवाहिक जीवन शुरू किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *