मोहाली जिले में जीरकपुर के वीआईपी रोड स्थित मिल्टन टावर सोसाइटी में चौथी मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। बता दे कि मृतक की पहचान मिल्टन टावर के रहने वाले संदीप उर्फ सनी के रूप में हुई है, जो पेशे से रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाता था। वह अपनी एक महिला मित्र से मिलने सोसाइटी आया था। महिला मित्र से मिलने की योजना थी जानकारी के अनुसार, संदीप अपने दोस्त गुरसेवक सिंह के साथ सोसाइटी में मौजूद था। दोनों की एक कॉमन महिला मित्र से मिलने की योजना थी। मुलाकात के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। चौथी मंजिल से गिरकर मौत प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर संदीप वहां से निकलने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान चौथी मंजिल पर लगी रेलिंग के पास उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर नीचे गिर पड़ा। उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह एक हादसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।


