सरकार के बजट घोषणा की अनुपालना में सोमवार शाम जामड़ोली थाने का शुभारंभ किया गया। जयपुर कमिश्नरेट में नया पुलिस स्टेशन मिलने पर जामड़ोली थाने का नाम भी जुड़ गया है। जामड़ोली थाना पुलिस पर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली 250 से अधिक कॉलोनियों की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा रहेगा। पुलिस कमिश्नरेट बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया- जयपुर पुलिस की ओर से सरकार से तीन पुलिस स्टेशन खोलने की मांग की गई थी। पुलिस स्टेशन में खोरा बीसल, जामड़ोली और नारायण विहार खोलने की मांग की गई थी। सरकार की ओर से जामड़ोली थाने की घोषणा की गई। सरकार के बजट घोषणा की अनुपालना में सोमवार शाम 4 बजे जयपुर के ईस्ट जिले में जामड़ोली थाने का शुभारंभ किया गया। जामड़ोली क्षेत्र में स्थित पुलिस चौकी मे अस्थायी रूप से थाना खोला गया है। जल्द ही जामडोली थाने को आवंटित हुए 7 हजार वर्गगज भूखण्ड पर प्रशासनिक भवन व आवासीय भवन बनाकर शिफ्ट किया जाएगा। जामड़ोली थाने में थानाधिकारी SI सतीश चन्द को लगाया गया है, वह पहले जयसिंहपुरा खोर में तैनात थे। इसके साथ ही 23 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को जामड़ोली थाने की सुरक्षा जिम्मा संभालने के लिए तैनात किया गया है। जामडोली थाना क्षेत्र के अंतर्गत 75 फीसदी कानोता थाना और 25 फीसदी खोह नागोरियान थाने का हिस्सा आएगा। जामड़ोली थाना पुलिस अपने क्षेत्र में आने वाली 250 से अधिक कॉलोनियां की सुरक्षा का जिम्मा संभालेगी।


