भाजपा बगावत करने वालों पर सख्त:जिला पंचायत चुनाव में बागी प्रत्याशियों को पार्टी से निकाला जाएगा, जीपीएम अध्यक्ष की चेतावनी

गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में भाजपा ने अनुशासन को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। जिला अध्यक्ष लालजी यादव ने स्पष्ट किया है कि जिला पंचायत चुनाव में पार्टी द्वारा अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले किसी भी भाजपा कार्यकर्ता या पदाधिकारी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया जाएगा। यादव ने कहा कि भले ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पार्टी के चुनाव चिन्ह पर नहीं लड़े जा रहे हैं, लेकिन भाजपा हर चुनाव को गंभीरता से लेती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अधिकृत प्रत्याशियों की जीत के लिए तन-मन-धन से काम करने का आह्वान किया है। विशेष रूप से, पार्टी नए शामिल हुए सदस्यों पर भी कड़ी नजर रख रही है। यादव ने स्पष्ट किया कि अन्य दलों से आए लोग यदि अनुशासनहीनता करते या पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ते पाए गए, तो उन्हें न केवल तत्काल निष्कासित किया जाएगा बल्कि भविष्य में भी पार्टी में शामिल नहीं किया जाएगा। भाजपा के इस कड़े रुख से स्पष्ट है कि पार्टी किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा ने बागियों से नामांकन वापस लेने के लिए कहा बता दें कि जिला भाजपा ने जिला पंचायत के 10 वार्डों में से 8 वार्डों के पार्टी समर्थित अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है, जबकि 2 वार्डों से प्रत्याशियों की घोषणा बची हुई है, जिसके लिए संभावना जताई जा रही है कि नामांकन वापसी की तारीख से पहले उन 2 वार्डों के अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी और अन्य प्रत्याशियों से नामांकन वापस लेने के लिए कहा जाएगा। जिला पंचायत के वहीं 8 वार्डों के अधिकृत प्रत्याशियों के नाम की घोषणा के बावजूद भी कुछ वार्डों में अधिकृत प्रत्याशी के अलावा भी भाजपा से बगावत करके कुछ ने नामांकन दाखिल किया है, जिन्हें पार्टी के पदाधिकारी नामांकन वापस लेने के लिए समझाइश दे रहे हैं। यदि उन बागियों पर समझाइश का फर्क नहीं पड़ा तो उनका भाजपा से निष्कासन तय माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *