राजनंदगांव में आगामी नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान चिखली पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम गठुला स्थित हनुमान मंदिर के पास से 25 वर्षीय खुमेश मोटघरे को गिरफ्तार किया। उसके पास से 2600 रुपये मूल्य की 20 पौआ जम्मू स्पेशल व्हिस्की (कुल 3600 एमएल) और बिक्री से प्राप्त 260 रुपये जब्त किए गए। इसी कार्रवाई में पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। गौरीनगर का 20 वर्षीय प्रेम गायकवाड़ शराब और गांजा का सेवन कर दशहरा मैदान में अशांति फैला रहा था। स्टेशनपारा निवासी 23 वर्षीय धर्मेंद्र तलकई उर्फ कौशल पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर मोहल्ले में तनाव पैदा कर रहा था। भेड़ीकला के 21 वर्षीय चमन यादव ने जमानत पर छूटने के बाद लोगों को धमकाकर माहौल खराब किया। सभी आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने जिले में कड़ी निगरानी बढ़ा दी है और अवैध शराब कारोबार पर विशेष नजर रखी जा रही है।


