डीग जिले के कोतवाली थाना इलाके में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जमकर पथराव किया। साथ ही एक पक्ष ने फायरिंग भी की, जिसका एक वीडियो सामने आया है। जिसमें कुछ लोग हाथों में हथियार लेकर दिखाई दे रहे हैं। घटना में दोनों पक्षों के 7 लोग घायल हो गए। जिनका इलाज आरबीएम अस्पताल में जारी है। वीडियो में फायरिंग की आवाज भी सुनाई दे रही है। केरी सिंह निवासी इकलेरा गांव ने बताया की करीब 7 दिन पहले उनके खेत से पानी सप्लाई करने का एक पाइप चोरी हो गया था। जब हमने आसपास पूछताछ की तो, पता लगा की वह पाइप गांव के ही बोगल पक्ष के किसी व्यक्ति ने चोरी किया है। पाइप चोरी करने वाला व्यक्ति शराब पीने का आदी है। जिसके बाद वह तुरंत बोगल पक्ष के पास पहुंचे। वहां उन्होंने बोगल पक्ष से बात की तो, बोगल पक्ष ने पाइप वापस लौटाने का आश्वासन दिया। केरी पक्ष के लोग अपने घर आ गए लेकिन, बोगल पक्ष ने पाइप नहीं लौटाया। आज शाम 4 बजे फिर से केरी पक्ष के लोग बोगल पक्ष के घर पहुंचे और दोबारा से पाइप लौटाने का तकादा किया। जिस पर बोगल पक्ष आग बबूला हो गया। वह केरी पक्ष के लोगों से गालियां देने लगे। विवाद इतना बढ़ गया की दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी। कुछ देर के बाद बोगल पक्ष और केरी पक्ष के लोगों ने एक दूसरे पर पथराव करना शुरू कर दिया। बोगल पक्ष के लोग घरों से हथियार निकाल लाये और अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। जिसका वीडियो केरी पक्ष के एक व्यक्ति बना लिया। घटना में केरी पक्ष के 4 और बोगल पक्ष के 3 लोग घायल हुए हैं। सभी को घायल हालत में डीग अस्पताल लेकर जाया गया। डीग अस्पताल से सभी लोगों को आरबीएम अस्पताल रेफर दिया गया। जहां सभी का इलाज जारी है। घटना में केरी, पप्पू और पप्पी घायल हुए हैं वहीं दूसरे पक्ष से बोगल, प्रेम सिंह, झल्लो और सतीश घायल हुए हैं। डीग सीओ धर्मराज चौधरी ने बताया की इकलेरा गांव की घटना की सूचना मिली थी। दोनों पक्ष पुरानी रंजिश को लेकर आपस में भिड़ गए। एक पक्ष ने फायरिंग भी है। घटना की सूचना मिलने के बाद दोनों पक्षों के घरों की तलाशी ली गई है। दोनों पक्षों से 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है।


