संभाग स्तरीय आरोग्य मेला 7 से 10 फरवरी तक:निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा और परामर्श की मिलेगी सुविधा

धौलपुर में पहली बार संभाग स्तरीय आरोग्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेला ग्राउंड, नगर परिषद मचकुंड रोड पर 7 से 10 फरवरी तक चलने वाले इस मेले में आम जनता को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग एवं सहायक नोडल अधिकारी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि मेले में आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी और प्राकृतिक चिकित्सा का निःशुल्क परामर्श और दवाएं उपलब्ध होंगी। विशेष रूप से मर्म चिकित्सा, अर्श, भगंदर रोगों की जांच की जाएगी। महिलाओं के लिए स्त्री एवं प्रसूति विभाग द्वारा विशेष चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। मेला प्रभारी डॉ. रमाकांत मिश्रा ने बताया कि मेले में हर्बल मेडिसिन की प्रदर्शनी लगाई जाएगी और आयुष चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी व्याख्यान दिए जाएंगे। प्रतिदिन सुबह 7 से 8 बजे तक योग सत्र का आयोजन किया जाएगा। आयुर्वेद विज्ञान की विशिष्ट प्रकृति परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध होगी। डॉ. सतीश लवानिया, नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त निदेशक आयुर्वेद विभाग, संभाग भरतपुर ने विभाग के सभी कर्मचारियों को मेले को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का निर्देश दिया है। जिला प्रशासन और आयुर्वेद विभाग द्वारा मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *