बूंदी पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जीएसटी और इनकम टैक्स में बचत कराने तथा सिविल स्कोर बेहतर करने का झांसा देकर लोगों से बैंक खातों की जानकारी और ऑपरेटिंग दस्तावेज हासिल किए। इसके बाद विभिन्न खातों में करीब 4 करोड़ रुपए का अवैध लेन-देन किया। बूंदी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभम नायक (22) पुत्र बहादुर और पारस वैष्णव पुत्र सत्यनारायण को गिरफ्तार किया। आरोपियों से दो मोबाइल फोन, एक बैंक पासबुक और ठगी के पैसों में से कमीशन के रूप में मिले 9 हजार 500 रुपए बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया कि यह गिरोह राजस्थान के अलावा दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, गुजरात, ओडिशा, तमिलनाडु और झारखंड में सक्रिय था। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के टैक्स बचत या आर्थिक लाभ के लालच में न आएं और अपनी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी के शिकार हो जाने पर तुरंत साइबर हेल्प लाईन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराये एवं नजदीकी पुलिस थाना/साइबर थाना पर संपर्क करें।


