छत्तीसगढ़ के धमतरी में पुलिस ने नशीली दवाइयों की तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी अवैध रूप से नशीली दवाइयां बेच रहे थे और अपनी सुरक्षा के लिए देशी कट्टा और जिंदा कारतूस भी रखे हुए थे। पुलिस की कार्रवाई में आरोपियों के पास से 36 पत्ते नशीली दवाइयां, एक देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि इन सामानों की कुल कीमत 2 लाख 65 हजार 316 रुपये है। यह कार्रवाई नशीली दवाइयों की बिक्री पर नियंत्रण लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। नशीली दवाइयां बेचते तीन युवक गिरफ्तार धमतरी जिले में नशे के कारोबार में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे कई अपराधी घटनाएं भी सामने आई हैं। कुरूद पुलिस को इस मामले में बड़ी सफलता मिली, जहां तीन युवकों को नशीली दवाइयां बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, दो चाकू और बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां मिलीं। कुरूद थाना प्रभारी अरुण साहू ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग नया कृषि उपज मंडी के पास नशीली दवाइयां बेच रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने वहां छापेमारी की और तीन आरोपियों टिकेन्द्र साहू (18), जयप्रकाश साहू (23), और गुलशन साहू (18) को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ जारी है और बरामद किए गए सामानों को जब्त कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


