राजनगर के ईचा पैलेस का दीदार करने फ्रांस से पहुंचे मेहमान, पारंपरिक स्वागत से हुए अभिभूत

भास्कर न्यूज | राजनगर सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत ऐतिहासिक ईचा राजघराना मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय मेहमानों का साक्षी बना, जब फ्रांस से आए चार सदस्यीय विदेशी मेहमानों का दल ईचा पैलेस पहुंचा। ईचा आगमन पर विदेशी मेहमानों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर ईचा राजपरिवार के सदस्य राजेश्वर सिंहदेव व प्रसिद्ध छऊ गुरु तपन पटनायक ने विदेशी अतिथियों को ईचा पैलेस एवं प्राचीन रघुनाथ मंदिर का भ्रमण कराया। मेहमानों ने मंदिर में दर्शन कर आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया। इसके उपरांत विदेशी अतिथियों को झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू कराने के उद्देश्य से छऊ नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसे देखकर वे काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने छऊ नृत्य की भाव-भंगिमाओं, वेशभूषा और पारंपरिक संगीत की प्रशंसा की। ईचा की ऐतिहासिक विरासत, प्राचीन परंपराओं एवं सांस्कृतिक धरोहर की जानकारी पाकर विदेशी मेहमान अत्यंत प्रफुल्लित दिखे। उन्होंने ईचा राजपरिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अनुभव उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा। इस दौरान राजेश्वर सिंहदेव, छऊ गुरु तपन पटनायक, बैधनाथ सिंहदेव, जितेश सिंहदेव, मलवीर सिंह, बासु सिंहदेव, श्रवण सिंहदेव, जयदीप सिंहदेव आदि उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *